जिले में दोबारा से सक्रिय हुई एंटी रोमियो टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। डिडौली पैठ बाजार में महिलाओं पर फब्तियां कसने वाले युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। महिला कांस्टेबल की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया गया है। वहीं टीम लगातार चेकिंग अभियान चला रही है।
शासन के निर्देश पर एक बार फिर एंटी रोमियो टीम एक्टिव हो गई है। एसपी पूनम के निर्देशन में स्कूल-कॉलेज और अन्य सावर्जनिक स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर मनचलों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। डिडौली कोतवाली की एंटी रोमियो टीम में तैनात महिला कांस्टेबल धर्ममित्रा, सोनिया और कांस्टेबल अनिल कुमार क्षेत्र में गश्त पर थे। जब टीम डिडौली के पैठ बाजार में पहुंची तो यहां एक युवक आने-जाने वाली महिलाओं को देखकर अश्लील गाने गा रहा था। उनपर पब्तियां कस रहा था। तभी टीम ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दौरान युवक ने अपना नाम धर्मवीर निवासी नसीरपुर बताया। एसओ सुनील मलिक ने आरोपी धर्मवीर के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर चालान कर दिया है।