रजबपुर। सिपाहियों के मारपीट के मामले में रजबपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अभी ग्यारह आरोपी फरार है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
गुरूवार की रात रजबपुर थाना में तैनात सिपाही अनुराग और नितिन अपनी बाइक से क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान वह टोल प्लाजा से होते हुए हैबतपुर-सलारपुर मार्ग पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने एक दिल्ली संदिग्ध बाइक को चेक करने के लिए रोक लिया था। दोनों सिपाही बाइक चेक कर रहे थे। तभी बाइक सवार ने अन्य ग्रामीणों को बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने सिपाहियों के साथ गाली-गलौंच और मारपीट कर दी। जमकर हंगामा और बवाल किया। सिपाहियों की सूचना पर अतरासी चौकी इंचार्ज मनोज बालियान फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थे। लेकिन, इससे पहले आरोपी फरार हो गए थे। इस दौरान पुलिस ने हशरत, शब्बू, बिलाल, जैद, शहनवाज, आलिम, मलिक सहित दस नामजद और चार अज्ञात कुल चौदह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। तभी से आरोपी फरार थे। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि सिपाहियों के साथ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने और गाली गलौंच करने के मुकदमें में वांछित हसरत, जैद और आलिम निवासी सलारपुर खालसा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।