अमरोहा। बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन ने एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) पद के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि इन लोगों की तैनाती शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार करने के लिए है लेकिन यह लोग ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) में विभागीय काम कर रहे हैं। जीपीएफ ऋण की स्वीकृति में मनमानी पर रोक लगाने की मांग की। इसके अलावा एकल स्कूलों में शिक्षकों को तैनात किया जाए। बीएसए को 15 सूत्री पत्रक सौंपा।
संगठन से जुड़ें शिक्षक शुक्रवार को बीएसए कार्यालय परिसर में एकत्र हुए। उन्होंने विभागीय कार्यशैली के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि नई भर्ती के शिक्षकों का पुलिस सत्यापन पूरा कराए ताकि वेतन भुगतान हो सके। उन्होंने बताया कि जिले के परिषदीय स्कूलों में शिक्षा की गुुणवत्ता में सुधार के लिए हिंदी, अंग्रेजी,गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के एकेडमिक रिसोर्स पर्सन एआरपी की तैनाती की गई है, लेकिन यह लोग जुगाड़ से ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) में काम कर रहे हैं। स्कूलों के पर्यवेक्षण नहीं होने से शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। सहायक अध्यापकों की पदोन्नति कराने की भी मांग की गई है। मेडिकल अवकाश पर जाने वालों के वेतन से कटौती नहीं करें। इस दौरान जिलाध्यक्ष शाहनवाज सैफी, नीरज यादव, मुकेश पंवार, नदीम, विवेक शर्मा आदि रहे।