अमरोहा। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से चयनित कनिष्ठ सहायकों को सोमवार को नियुक्तिपत्र सौंपे गए। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में हसनपुर विधायक व डीएम ने जिले के चयनित 12 लोगों को नियुक्ति सौंपे। इस दौरान लखनऊ में आयोजित हुए कार्यक्रम से मुख्यमंत्री के संबोधन भी सुना गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने कहा कि सरकार में बिना किसी भेदभाव के सीधे पात्रों एवं योग्य व्यक्तियों को ही लाभ मिल रहा है। उन्होंने सभी कनिष्ठ सहायकों से कहा कि जिस जनपद में भी जाएं वहां सेवाभाव से कार्य करें। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने नव चयनित कनिष्ठ सहायकों को प्रोत्साहित करते हुए भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश का विकास तभी होगा जब सभी स्वस्थ हो। स्वास्थ्य विभाग एक बेहद महत्वपूर्ण विभाग है, जिसके बिना विकसित उत्तर प्रदेश का संकल्प पूरा नहीं होगा।
कार्यक्रम में नवचयनिक कनिष्ठ सहायक सौरभ कुमार, प्रदीप कुमार, रईस, सोविंद, कंचन त्यागी, राजू सिंह, वैशाली चौधरी, दीपक कुमार, अरुण कुमार, अनिल कुमार, ज्ञानेंद्र कुमार और प्रशांत कुमार को नियुक्तिपत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्र, नगर पालिका परिषद धनौरा के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख गंगेश्वरी राजेंद्र खड़गवंशी, हसनपुर की ब्लॉक प्रमुख ममता गुर्जर, गजरौला की ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी, सीएमओ डॉ. सत्यपाल सिंह उपस्थित रहे।