अमरोहा। उप्र पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से संचालित ओ-लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के तहत वर्ष 2025-26 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 21 जुलाई तक इस योजना के पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण की अवधि तीन माह की होगी।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अलका चौधरी ने बताया कि योजना का उद्देश्य पिछड़े वर्ग के बेरोजगार युवक युवतियों को तकनीकी प्रशिक्षण देते हुए उन्हें रोजगार योग्य बनाना है। उन्होंने कहा कि इच्छुक आवेदक पोर्टल https://obccomputer-training.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पूर्व में यह अंतिम तिथि 14 जुलाई निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर अब 21 जुलाई कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के बाद हार्डकॉपी व सभी जरूरी दस्तावेज जिला पिछड़ा वर्ग कार्यालय में 21 जुलाई को शाम पांच बजे तक जमा करने होंगे।
-
यह हैं पात्रता की शर्तें
- आवेदक इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना चाहिए।
- ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में अभिभावक की वार्षिक आय एक लाख रुपये तक होनी चाहिए।
- न्यूनतम आयु 18 से 35 वर्ष के बीच हो।
- आवेदक बेरोजगार हो तथा किसी शिक्षण संस्थान से छात्रवृत्ति न लेता हो।
- आवेदक किसी शिक्षण संस्थान में संस्थागत के रूप में अध्ययनरत न हो।