अमरोहा। दूरस्थ शिक्षा के तहत पढ़ाई को नियमित रखने के इच्छुक कामकाजी युवा इग्नू के जरिये अपने सपने को साकार कर सकते हैं। शहर के जेएसएच पीजी कॉलेज में इग्नू का केंद्र बनाया गया है। इसमें सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और डिग्री के कोर्स संचालित किए जाते हैं। प्रवेश के लिए 15 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
नौकरीपेशा व कामकाजी युवा जो नौकरी के चलते अपनी पढ़ाई को जारी नहीं कर पाते, ऐसे युवाओं को ओपन यूनिवर्सिटी पढ़ाई जारी रखने का मौका देती हैं। इंदिरा गांधी मुक्त विवि (इग्नू) के केंद्र जेएसएच हिंदू पीजी कॉलेज में ऐसे ही युवा दाखिला ले सकते हैं। इग्नू के केंद्र प्रभारी राहुल माहेश्वरी ने बताया कि प्रवेश के लिए आवेदन की समय सीमा को बढ़ा दिया गया है। अब युवा 15 अगस्त तक प्रवेश प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं। केंद्र पर कई रोजगार परक कोर्स के सर्टिफिकेट, डिप्लोमा व डिग्री कोर्स संचालित किए जाते हैं।
इसमें युवाओं को रोजगार संचालन के साथ ही तकनीकी और प्रबंधकीय तौर पर कौशल दिया जाता है। प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. वीर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। इच्छुक युवा ऑनलाइन आवेदन कर प्रवेश पा सकते हैं। यूनिवर्सिटी की वेबसाइट https://ignouiop.samarth.edu.in पर जाकर आवेदन किया जा सकता है।