अमरोहा। राह चलती महिलाओं पर फब्तियां कसने के आरोप में एंटी रोमियो टीम ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसका चालान कर दिया गया है। पिछले चार दिन में एंटी रोमियो की यह दूसरी कार्रवाई है।
सीओ सतीश कुमार पांडेय ने बताया कि गुरुवार को एंटी रोमियो टीम टीपी नगर चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे। तभी शराब के ठेके के सामने एक युवक राह चलती महिलाओं और युवतियों की ओर अश्लील इशारे कर रहा था। फब्तियां कसते हुए अश्लील गाने गा रहा था। एंटी रोमियो टीम ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम आकाश निवासी हरथला कॉलोनी थाना सिविल लाइन मुरादाबाद बताया। टीम ने आरोपी को कोतवाली लाकर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर चालान कर दिया।