अमरोहा। रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर खेले गए फ्रेंडली मैच में रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी ने द आर्यंस जोया को 93 रनों से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के नायक रहे अंश गौतम, जिन्होंने शानदार शतक जड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अपनी टीमों के लिए हर्ष सिंह, आदित्य कार्तिक और शारिक ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया।
शनिवार को टॉस जीतकर रुक्मणी की टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 35 ओवरों में 220 रन बनाए। अंश गौतम ने 87 गेंदों पर 100 रनों की प्रभावशाली पारी खेली। हर्ष सिंह ने 61 गेंदों में 51 रन जोड़े, जबकि सोहिब चौधरी ने 23 गेंदों में 36 रनों का योगदान दिया। द आर्यंस की ओर से शारिक ने छह ओवर में 32 रन देकर दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी द आर्यंस की टीम 25 ओवरों में 127 रन पर ऑलआउट हो गई। आदित्य ने 50 गेंदों में 44 रन बनाए, जबकि असद सिद्दीकी ने 41 गेंदों में 30 रन का योगदान दिया। रुक्मणी की ओर से कार्तिक नागर और अरबाज खान ने तीन-तीन विकेट चटकाए, जबकि जकी मलिक ने दो विकेट लिए। अंश गौतम और मोहम्मद ईशा को एक-एक सफलता मिली।
अंश गौतम को प्लेयर ऑफ द मैच और बेस्ट बल्लेबाज चुना गया, जबकि अरबाज खान को बेस्ट बॉलर का खिताब मिला। मैच के बाद कोच हसीन बादशाह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।