अमरोहा। रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस व प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। होली के मद्देनजर जनपद को जोन व सेक्टरों में बांटा जाएगा। प्रत्येक जोन व सेक्टर की कमान मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारियों को सौंपी जाएगी, जबकि सुपरजोन की जिम्मेदारी चारों तहसीलों के एसडीएम व सीओ संभालेंगे।
तीन मार्च को जिले में 1141 स्थानों पर होलिका दहन होगा, जबकि चार मार्च को रंग खेला जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर ड्रोन के जरिए कस्बों व शहरों में निगरानी रखी जाएगी। प्रत्येक सेक्टर में पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग रहेगी। एएसपी अखिलेश भदोरिया ने बताया कि जनपद में धारा 144 लागू है और जनपदीय अधिकारियों की ड्यूटी सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई है। पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
प्रशासन ने चौकीदारों व स्थानीय लोगों से सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने और किसी भी छोटी-बड़ी घटना की तत्काल सूचना देने की अपील की है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमजन से सहयोग मांगा गया है।