जिले में 1266 परिषदीय स्कूलों का संचालन होता है। इनमें करीब एक लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं शिक्षा लेते हैं। सभी स्कूलों में वार्षिक परीक्षा के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। घोषित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा का आयोजन 24 मार्च से होगा। कक्षा एक के छात्र-छात्राओं की परीक्षाएं केवल मौखिक रूप से ली जाएंगी। साथ ही कक्षा दो से पांच तक लिखित व मौखिक परीक्षा का आयोजन होगा। वहीं, कक्षा छह से आठ तक केवल लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
पहली पाली का आयोजन सुबह साढ़े नौ बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली का आयोजन 12:30 से 2:30 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा के बाद परिणाम 29 मार्च को घोषित किया जाएगा। इसी दिन छात्र-अभिभावक बैठक का आयोजन भी किया जाएगा। जिसमें अभिभावकों व छात्रों को जांची गई उत्तरपुस्तिकाएं भी दिखाई जाएगी। डायट स्तर पर प्रश्न पत्र तैयार कर बीएसए कार्यालय को उपलब्ध कराए जाएंगे। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन विकास खंड स्तर पर किया जाएगा। बीएसए डाॅ. मोनिका ने बताया कि निर्देशों के अनुरूप परीक्षाओं का आयोजन संपन्न कराया जाएगा।