कोरोना महामारी के दौर में टीकाकरण से इनकार करने वाली संविदा पर कार्यरत नौ एएनएम अधीक्षक द्वारा थाने में तहरीर देते ही काम पर वापस लौट आई। सोमवार को सभी नौ संविदा कर्मियों ने अपनी ड्यूटी को अंजाम दिया। मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी नौ संविदा कर्मियों का एक दिन का मानदेय काटने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर अधीक्षक ने तीन एएनएम का ट्रांसफर दूसरे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर किए जाने के लिए सीएमओ को पत्र लिखा है।
गौरतलब है कि रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात संविदा पर कार्यरत नौ एएनएम ने टीकाकरण की ड्यूटी से इनकार कर दिया था। समझाने के बावजूद ड्यूटी नहीं करने वाली एएनएम के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने के लिए अधीक्षक डॉ. अमोल सिंह ने थाने में तहरीर दी थी और सीएमओ को भी पत्र लिखा था। अधीक्षक ने बताया कि सोमवार को सभी नौ एएनएम काम पर वापस आ गई हैं। हालांकि सीएमाओ ने सभी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर अधीक्षक ने बताया कि तीन एएनएम सुमन शर्मा, कोमल व प्रीति का स्थानांतरण दूसरे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर किए जाने के लिए सीएमओ को पत्र लिखा गया है।