अमरोहा। सेवानिवृत्त सीओ ताहिर हुसैन के बेटे व प्रॉपर्टी डीलर राहिल उस्मानी को आत्महत्या के लिए उकसाने में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों में रोष है। उन्होंने डीआईजी को शिकायती पत्र देकर विवेचना मुरादाबाद से करने की मांग की है तो वहीं एसपी को शिकायतीपत्र लेकर आरोपियों से जान को खतरा बताया है।
आरोप है कि पुलिस ने नामजद आरोपी सतवंत चौधरी, बब्बू और ताहिर मंसूरी को गिरफ्तारी पर स्टे लेने तक का मौका दे दिया जबकि चौथा आरोपी आसिफ खुलेआम धूम रहा है। पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है। विवेचक उसे इलाहाबाद से स्टे लेकर आने का मौका दे रहे हैं। आरोपी सतवंत लगातार ब्लैकमेल कर रहा है। झूठे मुकदमे में फंसने और जान से मारने की धमकी दे रहा है। खुलेआम घूम रहे आरोपी फैसला करने का दबाव बना रहे हैं जिससे परिवार की जान को खतरा बना है।
राहिल उस्मानी के पिता ताहिर हुसैन ने डीआईजी को शिकायतपत्र देकर विवेचक पर आरोपियों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया है। साथ ही विवेचना को मुरादाबाद से करने की मांग की है। मालूम रहे कि 11 सितंबर को शहर के मोहल्ला घेर पछय्या में रहने वाले पीएसी से सेवानिवृत्त सीओ ताहिर उस्मानी के प्रापर्टी डीलर बेटे राहिल उस्मानी ने घर में ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।