अमरोहा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। नारेबाजी भी की। उन्होंने प्रदेश व्यापी ताली बजाओ थाली बजाओ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलक्टर को सौंपा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बुधवार को कलक्ट्रेट पर इकट्ठा हुईं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की बदहाली पर चर्चा करते हुए सुधार की मांग की गई। जिलाध्यक्ष सत्यबाला ने कहा कि आईसीडीएस यानी एकीकृत बाल विकास सेवा योजना का 50वां वर्ष चल रहा है लेकिन आंगनबाड़ी कर्मचारी बिना सेवा सुरक्षा के बंधुआ मजदूर की भांति गुलामी की जिंदगी जीने को मजबूर हैं। सरकार कार्यकर्ताओं का शोषण कर रही है। उन्होंने कहा कि बड़े बदलाव की घोषणा कर सत्ता में आई भाजपा सरकार को आठ वर्ष हो गए है। लेकिन आसमान छूती मंहगाई व काम के भारी बोझ के बावजूद नियमित मानदेय में सिर्फ 500 रुपये की बढ़ोतरी की गई। जो कार्यकर्ताओं के साथ एक भद्दा मजाक है।
प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलक्टर को सौंपा गया। जिसमें नियमितीकरण करनें, न्यूनतम वेतन, तत्काल राहत के रूप में मानदेय बृद्धि, ऑनलाइन कार्यों के लिए 2500 रुपये प्रतिमाह अतिरिक्त भत्ता, सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष करने, एजुकेटर भर्ती निरस्त करने आदि की मांग की रखी। इस दौरान जिला सचिव माया रानी, कल्पना शर्मा, शीतल यादव, सुनीता जैकब, ललिता, नीरज शर्मा, शारदा, सिंपल आदि शामिल रहे।