गजरौला (अमरोहा)। वारसाबाद में बना आंगनबाड़ी केंद्र को आखिरकार ध्वस्त करा दिया गया। उसके स्थान पर दोबारा निर्माण कराया जाएगा। जिसमें मानक के अनुसार सामग्री लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
क्षेत्र के गांव वारसाबाद में आंगनबाड़ी केंद्र के भवन निर्माण का काम 2020 में शुरू हुआ। निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया था। इस बीच गांव के कुछ लोगों ने उसमें मानक के अनुसार सामग्री नहीं लगाए जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। डीएम, सीडीओ से लेकर हर स्तर पर शिकायत की। मानक से खिलवाड़ कर बने भवन को ध्वस्त करा कर, उसके स्थान पर दोबारा निर्माण कराने की मांग की। अफसरों ने लीपापोती करते हुए जांच कराई और निर्माण में लगी सामग्री मानक के मुताबिक होने की पुष्टि कर दी। मगर शांत नहीं बैठे शिकायतकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की। इसके बाद जिले के अफसर हरकत में आए। बिना मानक बन रहे भवन को ध्वस्त करा दिया गया। अब उसके स्थान पर दोबारा भवन बनाया जाएगा। बीडीओ रोहिताश्व कुमार ने कहा कि एक-दो दिन में दोबारा निर्माण शुरू होगा। ठेकेदार को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य में मानक की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वह खुद भी निगरानी करते रहेंगे।