अमरोहा। निजी स्कूल के कार्निवल फेस्टिवल में धुरंधर फिल्म के गाने पर बुर्के में आपत्तिजनक डांस से जुडा फिर तूल पकड़ने लगा है। यूथ मुस्लिम कमेटी के अध्यक्ष जीशान पाशा के मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत कराने के बाद सीओ नौगांवा सादात ने प्रकरण में जांच बिठा दी है। उन्होंने स्कूल प्रधानाचार्या को नोटिस जारी कर तलब कर लिया है।
साथ ही शिकायतकर्ता को भी बयान दर्ज कराने के लिए अपने ऑफिस बुलाया है। हालांकि बुर्के में डांस करने वाले छात्रों माफीनामे बाद सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस शांत है।
बीती 29 दिसंबर को शहर में धनौरा मार्ग स्थित एक स्कूल में विंटर कार्निवल फेस्टिवल का आयोजन किया गया था। इसमें स्कूल के कुछ पुराने छात्र भी आए थे। कार्यक्रम के आखिर में करीब सात-आठ पूर्व छात्रों ने धुरंधर फिल्म के गाने पर डांस किया जिनमें बुर्का पहने तीन लकड़ों ने हिजाब लगा रखा था। डांस के दौरान एक छात्र ने बुर्के पहने दूसरे छात्र को गोद में उठाते हुए आपत्तिजनक स्टेप किए थे। छात्र-छात्राओं ने उनके इस स्टेप पर जमकर हूटिंग की थी।
बुर्के में डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हंगामा मच गया था। कार्रवाई किए जाने की मांग जोर पकड़ने पर स्कूल प्रधानाचार्या के अलावा पूर्व छात्रों ने अपनी इस हरकत पर माफी मांग ली गई थी। बुर्के की तौहीन और मजहब का मजाक उड़ाए जाने को लेकर यूथ मुस्लिम कमेटी के अध्यक्ष जीशान अली पाशा ने भी जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि मामले में स्कूल प्रधानाचार्या को नोटिस जारी किया गया है। उनके बयान दर्ज होने के बाद ही मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।