नेशनल हाईवे पर स्थित इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट के मैदान में आयोजित किए जा रहे इंविटेशन क्रिकेट लीग के चौथे दिन गुरुवार को डीपीएस अमरोहा ने अजीम पाशा क्रिकेट क्लब मुरादाबाद को 119 रनों से हरा दिया। विजेता टीम के खिलाड़ी गौरव कुमार मैन ऑफ द मैच घोषित किए गए।
डीपीएस अमरोहा ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। इसके बाद डीपीएस अमरोहा की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में 8 विकेट पर 267 रन बनाए। इसमें गौरव कुमार ने सर्वाधिक 84, अश्विन ने 31, यति ने 28 रनों का योगदान दिया।
मुरादाबाद क्लब के गेंदबाज अनुज कुमार, भुवनेश राणा, अजीम व शबाब ने दो-दो विकेट झटके। जीत के लिए 268 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुरादाबाद की टीम 148 रनों के स्कोर पर ही आल आउट हो गई। बल्लेबाज अजीम का 45 रनों का योगदान नाकाफी साबित हुआ।
अमरोहा के गेंदबाज जीशान व जब्बार ने दो-दो विकेट लिए। इस प्रकार डीपीएस अमरोहा ने 119 रनों से मैच जीत लिया। अंपायर मोहित व प्रशांत रहे। कोच मोहम्मद अली, साबिर अली, सलमान, गुड्डू भाई, अजय कुमार मौजूद रहे।