अमरोहा के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। जिसे नाराज परिजनों ने डॉक्टर और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिगड़ते हालात संभाले। इतना ही नहीं अस्पताल के मालिक ने एक लाख रुपये में मामला निपटने के लिए दबाव बनाया। मामले में पुलिस ने अस्पताल के मालिक, डॉक्टर व स्टाफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के जलीलपुर बक्काल में किसान वीरसिंह का परिवार रहता है। उनकी पत्नी क्रांति की 12 मई को अचानक तबीयत खराब हो गई थी। जिसके बाद उन्हें अमरोहा नगर के शारदा अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान कई तरह की जांच कराई गईं, लेकिन जांच रिपोर्ट में किसी भी बीमारी की पुष्टि नहीं हुई।
बावजूद इसके शारदा अस्पताल के डॉक्टर ने क्रांति को भर्ती कर लिया। भर्ती करने के बाद भी इलाज में लापरवाही बरती गई और सही दवाई नहीं देना पर क्रांति की मंगलवार को मौत हो गई। जिसके बाद अस्पताल का डॉक्टर और स्टाफ भाग वहां से निकले। क्रांति देवी के परिजनों ने अस्पताल के मालिक से डॉ. संजय सैनी से बात की तो उन्होंने एक लाख रुपये लेकर मामले को निपटने के लिए दबाव बनाया।
परिजनों ने रुपये लेने से इन्कार कर दिया तो अस्पताल मालिक ने गाली गलौज की और धमकी देते हुए वहां से भाग निकला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि परिजनों को समझा कर शांत करवाया दिया है। मृतका के पति वीरसिंह की तहरीर पर शारदा अस्पताल के मालिक डॉ. संजय सैनी, एक डाक्टर व स्टाफ के खिलाफ लापरवाही बरतने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
शारदा अस्पताल हमारे यहां पंजीकृत है। लेकिन महिला की मौत के संबंध में हमें कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस या मृतक महिला के परिजनों की तरफ से शिकायत मिलती है तो टीम गठित कर जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेंगे।
- एसपी सिंह, सीएमओ