गजरौला के शकरथली के जंगल में पेड़ पर चढ़े तेंदुए को देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। लाठी डंडे लेकर ग्रामीण खेतों में पहुंचे। वन विभाग की टीम को सूचना दी। मगर कोई कर्मचारी या अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। तेंदुए को पेड़ पर चढ़ा देख ग्रामीण खासी दहशत में हैं। गांव निवासी धर्मवीर सिंह का गांव के बाहर खेत है।
विज्ञापन
बुधवार की शाम खेतों में काम कर घर लौट रहे ग्रामीणों की नजर धर्मवीर के खेत में खड़े पेड़ पर बैठे तेंदुए पर गई। पेड़ पर बैठे तेंदुए को देख ग्रामीण सहम गए। दूर हट कर गांव में फोन किया। जिसके बाद ग्रामीण लाठी डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने अपने मोबाइल में उसकी वीडियो बना ली।
वन विभाग की टीम को सूचना दी, लेकिन कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। तेंदुए को देख ग्रामीण खासी दहशत में हैं। इस समय किसान का गन्ने छिलाई, गेहूं की बुवाई का काम चल रहा है। हालांकि, बाद में तेंदुआ पेड़ से उतरकर जंगल की ओर भाग गया। वन दरोगा राकेश कुमार का कहना है कि स्टाफ तिगरी मेले में था। इस कारण शकरथली नहीं जा सके।