ट्रांसफार्मर के लिए ग्रामीणों का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
अमरोहा के रहरई गांव में चार दिन से फूंका ट्रांसफार्मर नहीं बदलने पर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजलीघर के सामने हसनपुर अलीगढ़ मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों ने बिजली कर्मचारियों पर अवैध वसूली का भी आरोप लगाया। जाम लगने के बाद वाहनों की लंबी लाइन लग गई। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस की ग्रामीणों से नोकझोंक हुई। ग्रामीण ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग पर अड़े रहे। करीब बीस मिनट जाम लगा रहा।
गंगेश्वरी क्षेत्र के रहरई गांव में चार दिनों से बिजली ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है। जिस वजह से वजह से आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। इनवर्टर ठप हो गए। ग्रामीण पेयजल को तरस रहे हैं। सुनवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार की सुबह अमरोहा-अलीगढ़ मार्ग पर जमा हो गए। उन्होंने बिजली घर के सामने जाम लगा दिया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग के कर्मचारियों को रुपये देने के बावजूद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका। जिससे गर्मी के मौसम में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार शिकायत के बावजूद इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। किसानों का शोषण किया जा रहा है।
जाम की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाकर शांत कराया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इंस्पेक्टर ने बिजली अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर जल्दी समस्या का निराकरण कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान करीब मिनट तक सड़क जाम रहने से यातायात प्रभावित हो गया। इस मौके पर धरना प्रदर्शन में रामप्रकाश यादव, मनवीर यादव, आदित्य गुप्ता, रामदास, सुमित गुप्ता, शीशपाल कुशवाह, देवराज सिंह कुशवाहा, बलधारी सिंह, फारुख शेख, अनवर अली, अनु कुशवाहा, अनुज गुप्ता आदि उपस्थित रहे।