हसनपुर में दुकानदार की हत्या कर दी गई। उसका शव दुकान के अंदर ही हाथ पैर बंधा मिला। पोस्टमार्टम के लिए शव को उठाने पहुंची पुलिस को भाजपा विधायक महेंद्र खड़कवंशी ने रोक दिया। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए शीघ्र ही घटना का खुलासा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक नहीं आएंगे। तब तक शव को नहीं उठाया जाएगा। क्षेत्र में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं।
हसनपुर कस्बे के मोहल्ला होली वाला निवासी 50 वर्षीय पप्पू उर्फ राजेंद्र ठाकुर पुत्र रामस्वरूप गजरौला मार्ग पर घर के सामने जूस, कोल्ड ड्रिंक, नमकीन, बिस्किट आदि की दुकान चलाते हैं। रोजाना दुकान बंद करके घर चले जाते थे लेकिन बुधवार की रात को वह घर नहीं गए। घर पर बताया कि आज मैं दुकान में ही रुकूंगा। बृहस्पतिवार की सुबह भी जब वह घर नहीं पहुंचे तो बेटा आकाश दुकान पर पहुंचा। बाहर से शटर पर ताला लगा हुआ था। आसपास तलाश किया लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। किसी तरह दुकान के अंदर घुस कर देखा तो पप्पू उर्फ राजेंद्र ठाकुर के हाथ पैर बंधे हुए थे। वह मृत अवस्था में पड़े हुए थे। सिर पर भारी वस्तु से प्रहार किया गया था। सिर में चोट का निशान है।
सूचना मिलते ही तमाम लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। परिजन भी पहुंच गए। हसनपुर से भाजपा विधायक महेंद्र खड़कवंशी समेत तमाम भाजपाई मौके पर जुट गए। इस दौरान पुलिस ने जैसे ही शव को पोस्टमार्टम के लिए उठाने का प्रयास किया तो विधायक ने उन्हें रोक दिया, कहा कि पहले हत्या का खुलासा किया जाए। पुलिस की कार्यशैली सही नहीं है। क्षेत्र में अपराध बढ़ रहे हैं। घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक को बुलाने की मांग की। कहा कि जब तक पुलिस अधीक्षक मौके पर नहीं आएंगे। शव को नहीं उठाने दिया जाएगा। उन्होंने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की जाने की बात की। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ।
मृतक ने अपने पीछे एक बेटी के दो बेटे छोड़े हैं। करीब 11:30 पहुंचे पुलिस अधीक्षक आदित्य लांगहे ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। विधायक और मृतक के परिजनों से वार्ता की। इसके बाद जल्द ही घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांगहे का कहना है कि दुकानदार की हत्या के मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।