उत्तर प्रदेश सरकार लिखी जिप्सी युवक को टक्कर मारकर नाले में गिर गई। इस दौरान जिप्सी में कृषि उपनिदेशक सवार थे। भीड़ ने चालक को पकड़ कर हाथापाई की। चालक को शराब के नशे में बताते हुए हंगामा किया। बाद में आक्रोशित लोगों ने जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को खदेड़ कर बिगड़ते हालात संभाले। आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल कराया जा रहा है।
यह हादसा अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के कैलसा बाईपास पर हुआ। सोमवार की दोपह करीब एक बजे कृषि उपनिदेशक ओपी सिंह उत्तर प्रदेश सरकार लिखी अपनी जिप्सी में सवार होकर ब्लॉक स्थित कार्यालय जा रहे थे। जिप्सी को उनका चालक मंडी धनौरा निवासी होमेंद्र सिंह चला रहा था। जैसे ही जिप्सी कैलसा बाईपास स्थित माया धर्म कांटे के सामने पहुंची, तभी टैंपू में सवार होने जा रहे फाजिल पुत्र माहिर को टक्कर मार दी।
जिसके बाद जिप्सी अनियंत्रित होकर परचून की दुकान से टकराते हुए नाले में जाकर गिर गई। हादसे में फाजिल जख्मी हो गया। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर ने मौके से भागने की कोशिश की तो भीड़ ने उसे दौड़ कर पकड़ लिया। बताते हैं कि भीड़ ने उसके साथ हाथापाई भी की। लोगों ने चालक को शराब के नशे में धुत होना बताकर हंगामा किया और जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और लाठी फटकार कर भीड़ को खदेड़ दिया।