अमरोहा। बोर्ड की बैठक में नगर पालिका अमरोहा को नगर निगम बनाए जाने का प्रस्ताव पास हुआ है। शुक्रवार को करीब आधा घंटा चली बैठक में सभी सभासदों ने इसके लिए सहमति जताई। इसके अलावा पालिका क्षेत्र की सीमाओं में वृद्धि के लिए भी सभी सभासदों ने सहमति दी है।
सभासदों के बीच पिछली बैठक में पास हुए करीब सवा अरब के प्रस्तावों को लेकर भी चर्चा की गई। समर्थ उत्तर प्रदेश विकसित उत्तर प्रदेश 2047 बनाए जाने के लिए नगर पालिका द्वारा प्रस्तावित अभियानों और विकास कार्यों को भी स्वीकृति दी गई है। पिछले दिनों ही अमरोहा पालिका स्मार्ट सिटी में शामिल हुई थी। ईओ डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि जल्द ही पालिका को नगर निगम बनाने का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा।
पालिकाध्यक्ष शशि जैन ने सभासदों को संबोधित करते हुए बताया कि नगर के विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं और संगठनों द्वारा अमरोहा नगर पालिका को नगर निगम बनाए जाने की मांग की जा रही थी। सभासदों ने भी बीते दिनों डीएम को ज्ञापन भेजकर पालिका को नगर निगम बनाए जाने की मांग की थी। इसलिए पालिका बोर्ड के सदस्यों की मांग और शहरवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए अमरोहा पालिका को नगर निगम बनाए जाने के लिए अग्रिम कार्रवाई किए जाने के लिए प्रस्ताव बोर्ड बैठक में पास किया गया है।
उन्होंने कहा कि अमरोहा को स्वच्छ, उन्नत, आधुनिक व सभी सुविधाओं से संपन्न बनाए जाने के उनके प्रयासों में पालिका बोर्ड के प्रत्येक सदस्य का योगदान अतुलनीय है जिनके सहयोग से अमरोहा की जनता के लिए पालिका बेहतर प्रयास कर रही है। ईओ डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि अमरोहा शहर स्मार्ट शहर में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज विभाग के 45 गांव अमरोहा पालिका में शामिल हुए थे। इनको छह वार्ड में विभाजित किया गया है। सीमा विस्तार के बाद से नगर पालिका का दायरा नगर निगम जैसा हो गया है।
पिछले बैठक में 1.29 अरब के प्रस्ताव पास हुए थे
ईओ ने बताया कि 10 मार्च को पालिका बोर्ड की बैठक हुई थी जिसमें 1.29 अरब रुपये का प्रस्ताव पास हुए थे। इसमें से 50 करोड़ रुपये शहर के चौराहों के सौंदर्यीकरण और सड़कों और नालियों का निर्माण कराया जाना शामिल था। इसके अलावा पालिका में शामिल नई आबादी को शहर की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सड़क, बिजली, पानी और साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था कराई जा रही है। शहर का बिजनौर रोड, आजाद रोड़ डिजाइनर स्ट्रीट लाइट से जगमगा रहा है।
महानगरों के तर्ज पर स्मार्ट शहर बनाने की चल रही है कवायद
ईओ ने बताया कि साल 2025 में शहर को स्वच्छ, सुंदर बनाने के साथ महानगरों की तर्ज पर स्मार्ट शहर बनाने की कवायद ही जा रही है। अगर पालिका को नगर निगम का दर्ज मिला तो मुरादाबाद व अन्य बड़े शहरों की तर्ज पर विकास कार्य हो सकेंगे। इस दौरान वंदना, बंटी, चरन सिंह, जयविंद्री, दिवेश कुमार, रेशमा, रईसुद्दीन, पूजा राठौर, रोहित अग्रवाल, ममता सैनी, संगीता चौहान, विकास टंडन, रुखसाना परवीन और सिराजुद्दीन आदि सभासद मौजूद रहे।
40 वार्ड और चार लाख है शहर की आबादी
ईओ डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि अमरोहा नगर पालिका में 40 वार्ड है, जबकि जनसंख्या करीब चार लाख है। बोर्ड की बैठक में नगर पालिका को नगर निगम बनाने का प्रस्ताव पास हुआ है, यह एक सराहनीय पहल है। अब नगर पालिका की ओर से प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा। शासन स्तर से नगर निगम से जुड़े मानक पूरे करने के लिए कहा जाएगा। अगर कोई मानक अधूरा रहता है तो उसे पूरा कराया जाएगा। पालिका की ओर से शहर को नगर निगम बनाने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा।
जुमे की नमाज के कारण बैठक में शामिल नहीं हुए 11 सभासद
अमरोहा। शुक्रवार को पालिका बोर्ड की बैठक का समय न बदलने पर 11 सभासदों ने इससे किनारा कर लिया। अपनी मांग का ज्ञापन ईओ को सौंपा। ईओ का ज्ञापन देकर कहा कि पहले से निर्धारित बोर्ड बैठक के एजेंडे के अनुसार शुक्रवार को सुबह 11:30 बजे बैठक प्रस्तावित थी। इस पर एक सप्ताह पहले सभासदों ने शुक्रवार की नमाज के कारण समय व दिन बदलने की मांग की थी। इस पर एक सप्ताह में कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे प्रतीत होता है कि पालिकाध्यक्ष की नजरों में सभासदों की बात का कोई महत्व नहीं है। इसी पर कुछ सभासद अपने मान-सम्मान के लिए बोर्ड बैठक में नहीं पहुंचे हैं। उम्मीद है कि भविष्य में ऐसा नही किया जाएगा। ज्ञापन देने वालो में रूबी, आमिर आफताब, शमीम उद्दीन, मुर्सलीन मंसूरी, मो. यासिर अंसारी, असमा, अंसार मालिक, मो. सलमान, शमशेर उर्फ शब्बू खा, मो. शहजाद आदि मौजूद रहे।
वर्जन-
सभी सभासदों ने बैठक में हिस्सा लिया है लेकिन कुछ सभासदों ने प्रस्ताव पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं। किसी प्रकार का मतभेद नहीं है।...डॉ. बृजेश कुमार, ईओ नगर पालिका