अमरोहा। नगर पालिका को 15वें वित्त आयोग के तहत 11.59 करोड़ रुपये मिले हैं। इससे अमरोहा नगर पालिका में शामिल हुए गांवों का विकास किया जाएगा।
टाइड व अनटाइड बुनियादी अनुदान के तहत जारी किस्त से लंबे समय से रुके विकास कार्यों को रफ्तार मिलेगी। निकाय टाइड धनराशि को सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट, एयर क्वालिटी कंट्रोल मैनेजमेंट, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, पाइपलाइन कनेक्शन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग आदि पर खर्च कर सकेंगे।
इसके अलावा अनटाइड धनराशि का उपयोग सड़क व नाला निर्माण, पार्कों का रखरखाव, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था आदि पर हो सकेगा। सीमा विस्तार के दौरान पंचायत राज विभाग की 21 ग्राम पंचायतों के 45 गांवों को अमरोहा पालिका क्षेत्र में शामिल किया गया था।
इन गांवों को छह नए वार्डों में विभाजित किया गया था। अधिकांश गांव के लोगों को शहरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, लेकिन अब जल्द ही इन गांवों की दशा सुधरने वाली हैं। ईओ डॉ. बृजेश सिंह ने बताया कि 11.59 करोड़ रुपये 15वें वित्त आयोग से मिले हैं। इसके तहत ढाई करोड़ रुपये की लागत से पेयजल के लिए पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जबकि तीन करोड़ रुपये की लागत से नाले, नाली और सड़कें बनाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में आने वाले दिनों में अमरोहा शहर स्वच्छता, सुंदरता और विकास का मॉडल बनेगा। पांच से अधिक पार्कों का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। पार्क में ओपन जिम भी लगेंगे।