प्रदेश में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। अमरोहा जिले की चार सीटों पर दूसरे चरण में मतदान होगा। 20 जनवरी को अधिसूचना जारी होगी। 27 जनवरी तक नामांकन होंगे। 28 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 30 जनवरी को प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। 15 फ़रवरी को चुनाव होगा। घोषणा के साथ ही चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।
मुख्य निर्वाचन आयोग नसीम जैदी ने बुधवार को विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। प्रदेश में सात चरणों में चुनाव संपन्न होंगे। अमरोहा जनपद की चार सीटों के लिए दूसरे चरण में होने वाले चुनाव में 1324 बूथों पर बारह लाख से अधिक मतदाता वोट डालेंगे। इसमें करीब पचास हजार युवा वोटर पहली बार अपनी वोट की ताकत दिखाएंगे।
चुनाव का कार्यक्रम जारी होते ही आचार संहिता लागू हो गई है। प्रशासनिक अमला चुनाव की तैयारियों में जुट गया है। जिलाधिकारी वेद प्रकाश ने कलक्ट्रेट सभागार में अफसरों की बैठक बुलाकर चुनाव कार्यक्रम से अवगत कराया। कहा, चुनाव को निष्पक्षता और शांतिपूूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाएगा। मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम रहेंगे। चुनाव की सभी तैयारियों को पूर्ण कराने को अफसरों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
20 से प्रारंभ होगी नामांकन प्रक्रिया
अमरोहा। दूसरे चरण के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया बीस जनवरी से प्रारंभ होकर 27 जनवरी तक चलेगी। 28 जनवरी को नामांकनों की जांच होगी। तीस जनवरी को नाम वापसी होगी। पंद्रह फरवरी को मतदान होगा। ग्यारह मार्च को मतगणना होगी।
नामांकन को कलक्ट्रेट में बनाए जाएंगे चार कक्ष
जिले में चार विधानसभा हैं। इसमें अमरोहा, नौगावां सादात, हसनपुर और धनौरा विधानसभा शामिल हैं। चारों विधानसभाओं की निर्वाचन प्रक्रिया कलक्ट्रेट में संपन्न होगी। विधानसभा वार कलक्ट्रेट में चार नामांकन कक्ष बनाए जाएंगे। आरओ, एआरओ की निगरानी में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। नामांकन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कलेक्ट्रेट में कड़े इंतजाम रहेंगे। कलेक्ट्रेट परिसर छावनी में तब्दील रहेगा। सीसीटीवी कैमरे से सुरक्षा की निगरानी होगी।
विधानसभावार मतदाताओं की संख्या
विधानसभा स्टेशन बूथ पुरुष महिला अन्य योग
39-धनौरा 257 351 169746 144155 19 313920
40-नौगावां 277 344 158533 138622 20 297175
41-अमरोहा 150 279 150019 129578 09 279606
42-हसनपुर 215 350 176906 153912 15 330833
योग 899 1324 655204 566267 63 1221534
नोट : 12 जनवरी को पुनरीक्षण अभियान के बाद जारी होने वाली अंतिम सूची के बाद मतदाताओं की संख्या बढ़ सकती है।