ये प्रत्याशी हैं मैदान में
नौ नामांकन खारिज होने के बाद 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में शेष रह गए हैं। हालांकि प्रत्याशियों की सही स्थिति नाम वापसी के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल भाजपा के कंवर सिंह तंवर, कांग्रेस-सपा के दानिश अली, बसपा के डॉ. मुजाहिद हुसैन, अखिल भारतीय परिवार पार्टी के सुहैल हैदर, निर्दलीय कुशाग्र, नरेंद्र सिंह, कुमदेश कुमार, काशिफ हुसैन, जीतपाल राणा, दानिश पुत्र नफीस, सुरेश, नईमुद्दीन ही चुनाव मैदान में बचे हैं। तीन बजे नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्हों का आवंटन कर दिया जाएगा।
इन प्रत्याशियों के नामांकन हुए खारिज
जांच के दौरान नौ नामांकन अपूर्ण पाए जाने पर खारिज किए जा चुके हैं। अमरोहा सीट के लिए कुल 21 उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल किए थे। जांच के बाद निर्दलीय अमीचंद, तसब्बुर अजान, राम अवतार, राजपाल सैनी, अजयपाल सिंह, भारतीय जवान किसान पार्टी के विजेंद्र सिंह, राष्ट्रीय भारतीय जन जन पार्टी के रमेश, राष्ट्रीय जनसंचार दल के वीर सिंह, जनहित पार्टी प्रगतिशील की अंजू चौहान के नामांकन खारिज किए जा चुके हैं।
नाम वापसी के लिए आज तीन बजे तक का समय निर्धारित है। तीन बजे के बाद शेष बचे उम्मीदवारों को चुनाव चिन्हों का आवंटन कर दिया जाएगा। - राजेश कुमार त्यागी, डीएम/ जिला निर्वाचन अधिकारी
वाहनों के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू
दूसरे चरण में होने वाले चुनाव के मद्देनजर वाहनों की व्यवस्था करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले में 1486 मतदेय स्थलों पर पोलिंग पार्टियों एवं चुनाव सामग्री पहुंचाने के लिए कुल 455 बड़े एवं 190 हल्के वाहनों को लगाया जाएगा। जिसके लिए परिवहन विभाग द्वारा वाहन स्वामियों को नोटिस भेजे जा रहे हैं।
जिले में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में 1486 मतदेय स्थलों पर पोलिंग पार्टियों एवं चुनाव सामग्री पहुंचाने के लिए 243 बसें, 139 मिनी बसें, 20 ट्रक, 15 मिनी ट्रकों की आवश्यकता होगी।
इसके अलावा 24 बसें एवं 14 मिनी बसें रिजर्व रखी जाएंगी। कुल 455 बसों एवं ट्रकों की जरूरत चुनाव में होगी। इसके अतिरिक्त सेक्टर एवं जोन के तहत लगे मतदान अधिकारियों के लिए 190 हल्के वाहनों की आवश्यकता होगी। उन्होंने बताया कि वाहनों के अधिग्रहण के लिए परिवहन विभाग को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। जिसके लिए वाहन स्वामियों को नोटिस भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।
केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं जल्द पूरी करवाएं
जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी ने लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के दृष्टिगत तहसील हसनपुर में कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। रविवार जिलाधिकारी ने श्रीमती सुखदेवी इंटर कॉलेज व पूर्व माध्यमिक विद्यालय देहरी खादर में बनाए गए बूथ में पहुंचकर मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। शौचालय, रैंप, जल की व्यवस्था, विद्युत बोर्ड, प्रकाश व्यवस्था, सफाई, रंगाई पुताई को देखा।
इसके अलावा यह भी देखा कि बूथों के सामने बूथ का नाम सहित विवरण लिखा है या नहीं। बूथों पर पहुंचने के लिए मार्ग सहित अन्य व्यवस्थाओं पर जायजा लेकर एसडीएम को अधूरी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कहा कि बूथों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। इस मौके पर एसडीएम भगत सिंह, तहसीलदार सुदीप कुमार आदि रहे।