रिश्वत लेने का आरोपी लेखपाल नाजिम
- फोटो : संवाद
भूमि की पैमाइश कराने के नाम पर 15 हजार की रिश्वत लेते हुए लेखपाल को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद इकाई के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि हसनपुर तहसील के गांव धीमर खेड़ी निवासी नवाब अली की पुत्री की भूमि की पैमाइश करने के नाम पर 15 हजार रुपए की रिश्वत लेखपाल मोहम्मद नाजिम द्वारा मांगी गई थी।
इसकी शिकायत मिलने पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम सक्रिय हुई। बृहस्पतिवार को गांव अगरौला कला में चांद मोहम्मद के जन सेवा केंद्र के कमरे के बाहर बने बरामदे में शिकायतकर्ता ने लेखपाल मोहम्मद नाजिम को 15 हजार रुपए की रिश्वत दी।
टीम ने मौके पर पहुंचकर रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए लेखपाल को पकड़ लिया। मौके से ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।