परिजनों ने आन की खातिर युवती को गला घोंटकर मार डाला। फिर खेत में ले जाकर जलाया शव। एक तो देर से पहुंची पुलिस, ऊपर से जहां शव जलाया गया वहां जाने की भी जहमत नहीं उठाई।
अमरोहा जिले में आन की खातिर किशोरी की हत्या कर खेत में शव जलाने का मामला सामने आया है। प्रेमी से फोन पर बात करते हुए पकड़े जाने के बाद परिजनों ने किशोरी को आन की खातिर गला घोंट कर मार डाला। बाद में निर्माणाधीन नहर में ले जाकर जला दिया।
विज्ञापन
घटना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पहले तो पुलिस घंटों देर से पहुंची, बावजूद इसके जहां शव जलाया जा रहा था, वहां जाने की जहमत नहीं उठाई। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की।
युवती की हत्या ग्रामीणों में चर्चा का विषय बनी हुई है। घटना के बाद किशोरी के प्रेमी और उसके परिजन घर छोड़कर फरार हो गए हैं। जबकि पुलिस पूरे मामले को दबाने में लगी हुई है। यह घटना सोमवार की रात सैदनगली थानाक्षेत्र के बेगपुर मुंडा गांव की है।