अमरोहा जिले में चेक चोरी व धोखाधड़ी कर कैश कराने वाला गिरोह सक्रिय है। दो दिन पहले अमरोहा शहर के स्टेट बैंक में जमा किया गया तीन लाख का चेक बैंक ऑफ बड़ौदा में कैश कर लिया गया। ऐसा ही मामला अब जोया में सामने आया है। यहां भी ओरिजिनल चेक को बैंक कर्मचारियों ने बाउंस कर दिया।
उसकी जगह फर्जी चेक बनाकर कैश कर लिया गया। हैरत की बात ये है कि दोनों मामलों में राजाराम नाम के व्यक्ति ने चेक को कैश किया है। मामले में पीड़ित शिकायत पर बैंक मैनेजर समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव सैथली में मोहम्मद हसन का परिवार रहता है।
उन्होंने कुछ दिन पहले मुरादाबाद जनपद के नागफनी थानाक्षेत्र के किसरोल दीवान क्षेत्र के रहने वाले मोहम्मद मारूफ की पत्नी नसरीन जहां से जमीन खरीदी थी। मोहम्मद हसन ने 8 अगस्त को 1 लाख 93 हजार रुपये का चेक नसरीन जहां को दिया था। इसके बाद नसरीन जहां ने उसे चेक को यूको बैंक शाखा अमरोहा के खाते में लगा दिया।
आरोप है कि 11 अगस्त को मोहम्मद हसन को खाते से धनराशि कटौती का संदेश मिला। 14 सितंबर को नसरीन जहां के पति मारूफ ने फोन करके बताया कि उनका चेक बाउंस हो गया है। यह सुनकर मोहम्मद हसन के होश उड़ गए।
उन्होंने तुरंत जोया स्थित पंजाब नेशनल बैंक में संपर्क किया। बैंक कर्मचारियों ने बताया कि 10 अगस्त को किसी राजाराम नाम के व्यक्ति ने बैंक आकर चेक को कैश कर लिया है। मोहम्मद हसन का आरोप है की जब असली चेक नसरीन जहां को बाउंस करके दे दिया गया था वह कैसे कैश हो गया।
मोहम्मद हसन ने आरोप लगाया कि राजाराम नाम के व्यक्ति ने बैंक मैनेजर और बैंक कर्मचारियों के साथ मिलकर फर्जी चेक तैयार किया और बाद में उसे कैश कर लिया गया।
सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि मामले में मोहम्मद हसन की तहरीर पर राजाराम, बैंक मैनेजर और बैंक कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। सीओ ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।