अमरोहा में लॉक डाउन के ग्यारहवें दिन सड़कों पर पसरा सन्नाटा।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। लॉक डाउन के 11वें दिन शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। सब्जी किराना और दवा की दुकानें छोड़कर अन्य सभी दुकानें बंद रहीं। फल-सब्जियों के ठेले गली-मोहल्लों में घूमते रहे। बढ़ते कोरोना खतरे को देखते हुए लोग घरों से निकलने में हिचक रहे हैं। हां कुछ लोग जरूरी सामान लेने के लिए दुकान और बैंकों के बाहर दिखाई दिए, लेकिन यहां लोगों में सोशल डिस्टेंस देखने को मिला। अगर लोगों में सोशल डिस्टेंस का ये जज्बा बरकरार रहा तो कोरोना को जरूर हार मिलेगी।
जनपद में शनिवार को लॉक डाउन का 11वां दिन था। लॉकडाउन के शुरुआती दिनों में शहर में अव्यवस्थाएं हावी रहीं, लेकिन अब लॉक डाउन और सोशल डिस्टेंस लोग समझने लगे हैं। कोरोना का खौफ भी हैं। सुबह में दूध, सब्जी, किराने का सामान या अन्य जरूरी समान लेने के लिए लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। वह बचाव के भी सभी उपाय कर रहे हैं। ज्यादातर लोग मुंह पर मास्क, हाथों में सैनिटाइजर लेकर निकल रहे हैं। बैंकों से लेकर किराना, डेयरी, मेडिकल या अन्य जरूरी सामान की दुकानों के बाहर गोल घेरे बने हुए हैं। बैंकों में प्रवेश से पहले ग्राहकों के हाथ साबुन या सैनिटाइजर से धुलवाए जा रहे हैं। काउंटर से एक मीटर दूर से लेनदेन हो रहा है। इसके अलावा बैंकों के बाहर भीड़ एक मीटर के डिस्टेंस पर खड़ी हो रही है। इसका पालन कराने के लिए यहां पुलिस भी मुस्तैद है। किराना की दुकानों पर भी लोग सोशल डिस्टेंस बनाकर गोल घेरों में खड़े दिखाई दिए। इसे कोरोना का खौफ समझे या लोगों की समझदारी सोशल डिस्टेंस पड़ेगा कोरोना पर भारी। यही वजह है कि दस बजे के बाद बाजार और सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। दूर-दूर तक कोई दिखाई नहीं दे रहा है। इससे साफ है कि लोग इत्मीनान से अपने घरों में कैद रहकर कोरोना को हराने में सरकार और जिला प्रशासन का सहयोग दे रहे हैं।