अमरोहा। जोया के मैदान पर खेले गए टी-20 क्रिकेट मुकाबले में अमरोहा इलेवन की टीम ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब को 105 रनों के बड़े अंतर से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। बल्लेबाजों के आक्रामक खेल और गेंदबाजों की सटीक रणनीति के दम पर अमरोहा इलेवन ने मैच के अपना दबदबा बनाए रखा।
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए अमरोहा इलेवन की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 227 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत तेज रही और बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। अंजन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 48 रन बनाए। उनकी पारी में सात चौके और एक छक्का शामिल रहा। जैद ने भी शानदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों पर 43 रन ठोके, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल रहे। कप्तान तैयब सुल्तान ने 26 रन, सलीम खान ने 24 रन तथा सैयद अब्दुस्समद ने भी 24 रनों का महत्वपूर्ण योगदान देकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब की ओर से करन यादव, अनस जैदी और मुजम्मिल सिद्दीकी ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि फैजान पाशा और शाहरुख पठान को एक-एक सफलता मिली। हालांकि, गेंदबाज अमरोहा इलेवन के बल्लेबाजों की आक्रामकता को नियंत्रित करने में सफल नहीं हो सके। 228 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखाई दी। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण टीम कभी भी लक्ष्य की ओर बढ़ती नजर नहीं आई। करन यादव ने सर्वाधिक 27 रन बनाए, जबकि अजीम अहमद, सलमान और अनस जैदी ने 20-20 रन का योगदान दिया। इसके बावजूद कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सका। नतीजतन पूरी टीम 17.1 ओवर में 122 रन पर सिमट गई। अमरोहा इलेवन की जीत में गेंदबाजों की भूमिका भी बेहद अहम रही। सैयद अब्दुस्समद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट झटके और विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। फराज जैदी ने चार ओवर में मात्र 19 रन देकर दो विकेट हासिल किए। इसके अलावा तैयब सुल्तान, मोहम्मद शुएब और जैद ने भी एक-एक विकेट लेकर टीम की जीत में योगदान दिया।