अमरोहा। दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक और बड़ा हादसा टल गया। ओवरटेक करने के चक्कर में अमरोहा रोडवेज डिपो की बस पीछे से ट्रक में घुस गई। हादसे में बस के चालक व परिचालक घायल हो गए। गनीमत रही बस में सवारी की संख्या कम थी और सभी सवारी पीछे बैठी हुई थीं। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
शुक्रवार सुबह करीब दस बजे अमरोहा रोडवेज डिपो की बस दिल्ली से मुरादाबाद जा रही थी। बस में करीब छह सवारी बैठी हुई थीं। बस डिडौली कोतवाली क्षेत्र में हाईवे स्थित श्योनाली के पास पहुंची तो ओवरटेक करते समय तेज रफ्तार बस आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस की परिचालक साइड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में बस के चालक किरनपाल जख्मी हो गई जबकि परिचालक प्रहलाद सिंह की टांगे फैक्चर हो गईं। गनीमत रही कि यात्रियों को चोट नहीं आई। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। डिडौली पुलिस ने बस से सवारियों को उतार कर दूसरे वाहनों से गंतव्य के लिए भेजा। जानकारी मिलते ही अमरोहा रोडवेज डिपो के अधिकारी-कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। घायल चालक और परी चालकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि ट्रक और क्षतिग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया है। परिवार निगम के अधिकारियों की तहरीर पर ट्रक के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्राथमिक जांच में ट्रक ओवरटेक करते समय हादसा होने की बात सामने आई है।