हसनपुर। मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाले गंगा एक्सप्रेस-वे पर अब जल्द ही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसें फर्राटा भरती नजर आएंगी। एक्सप्रेस-वे के चालू होने से जहां निजी वाहनों के लिए दूरी कम हुई है, वहीं अब आम यात्रियों की सुविधा के लिए अमरोहा डिपो ने अपनी बसें उतारने की पूरी तैयारी की जा रही है।
अमरोहा के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक केसी गौड़ ने बताया कि यात्रियों को सुगम और तेज परिवहन सेवा देने के लिए नए रूट तय करने की योजना पर काम चल रहा है। हसनपुर रोडवेज स्टैंड से बसें गंगा एक्सप्रेस-वे के मंगरौला इंटरचेंज से होकर मेरठ, गाजियाबाद और दिल्ली के लिए रवाना होंगी। वहीं दूसरी दिशा में संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ और प्रयागराज तक के लिए बसों का संचालन किया जाएगा। ऐसा होने से हसनपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में दिल्ली या लखनऊ जाने के लिए यात्रियों को गजरौला से होकर ही जाना होता है। जिससे काफी समय व खर्च करना पड़ता है, लेकिन गंगा एक्सप्रेस-वे के उपयोग से समय में भारी बचत होगी। एआरएम ने बताया कि इन रूटों के निर्धारण और बसों के आवंटन के लिए लखनऊ मुख्यालय से प्रस्ताव मांगा गया है। जैसे ही वहां से हरी झंडी मिलती है, बसों का विधिवत संचालन शुरू कर दिया जाएगा।