डीएम राजेश कुमार त्यागी ने विकास खंड गंगेश्वरी के ग्राम मंगरौला व विकास खंड हसनपुर के ग्राम अगरौला में बगद नदी को पुनर्जीवित किए जाने के लिए विधिवत भूमि पूजन के साथ खोदाई कार्य की शुरुआत की। इस दौरान डीएम ने अन्य अधिकारियों के साथ फावड़ा चलाकर श्रमदान किया।
बगद नदी को सदा नीरा बनाने के लिए की जा रही खुदाई जोर पकड़ती जा रही है। पांचवें दिन सुबह से ही श्रमिक फावड़े, तसला लेकर खुदाई के काम में जुट गए। समतल हो चुके नदी स्थल से मिट्टी को उठाकर किनारे डाला गया। किनोर ऊंचे होने लगे हैं।
बगद नदी को पुनर्जीवित करने का बीते सोमवार से अभियान चल रहा है। रोजना सैकड़ों श्रमिक नदी की खुदाई में लगे हैं। पांचवें दिन शुक्रवार की सुबह राजस्व विभाग की टीम ने बगद नदी की आस पास के किसानों द्वारा अतिक्रमण कर कब्जाई भूमि की पैमाईश की।
निशान लगाकर श्रमिकों को बताया कि यहां तक भूमि बगद नदी की है। इसके बाद श्रमिकों ने फावड़े से मिट्टी को तसले में भर कर किनारे पर डाला। कोई फावड़े से मिट्टी को खोद कर परात में डाले बगैर किनारे पर फेंक रहा था।
भीषण गर्मी में दोपहर तक श्रमिकों ने काफी काम कर दिया। खुदाई करा रहे बीडीओ पीसीएस अफसर विकास मित्तल का दावा है कि जल्द ही खुदाई का काम पूरा हो जाएगा। अब यह आमजन का मुद्दा हो गया है। लोग बढ़ चढ़ कर श्रमदान कर रहे हैं।