मंडी धनौरा में अमन हत्याकांड के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला है कि तीनों दोस्तों ने मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद लाश को नहर में फेंक दिया। आरोपियों ने मृतक के परिजनों को उसके डूबने की बात बता दी थी।
मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव चुचेला कलां निवासी अमन की मौत रामगंगा नहर में डूब कर नहीं हुई थी। उसके दोस्तों ने रुपयों के लेनदेन के विवाद में मुंह दबाकर उसकी हत्या कर शव नहर में फेंक दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
इसके साथ ही उनकी निशानदेही पर अमन के चप्पल व आधार कार्ड भी बरामद कर लिया है। ग्राम चुचेला कलां निवासी अमन (18) पुत्र इरशाद दिल्ली में कारपेंटर का काम करता था। वह बकरीद का त्योहार मनाने के लिए गांव आया था।
शुक्रवार की सुबह गांव के ही फैसल, फैजान व अजीम उसको घर से अपने साथ ले गए। इसके बाद उसका कोई पता नहीं लगने पर परिजनों ने तीनों दोस्तों से पूछताछ की थी। उन्होंने रामगंगा पोषक नहर में नहाने के दौरान उसके डूबने की बात कही थी।
विज्ञापन
परिजन शुरू से ही तीनों आरोपियों पर अमन की हत्या करने का आरोप लगा रहे थे। रविवार की सुबह अमन का शव ग्राम मोहिउद्दीनपुर के पास नहर में मिला। पुलिस ने तीनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या में मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि रिपोर्ट में सांस रुकने से हत्या करने की पुष्टि हुई है। आरोपियों ने मौत होने तक अमन का मुंह दबा दिया था। मुखबिर की सूचना पर नौगावा रेलवे फाटक के पास से तीनों आरोपियों को सोमवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है।
उनकी निशानदेही पर मृतक का आधार कार्ड व चप्पल नहर के पास ही झाड़ियां से बरामद कर ली गई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तीनों आरोपियों फैसल, फैजान, अजीम ने पैसों के लेनदेन के विवाद में अमन की मुंह दबाकर हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया था।