हसनपुर में पटाखा जलाते समय पांच बच्चे झुलस गए। हादसे के दौरान चीख पुकार मचने के बाद मौके पर परिजन पहुंचे। इसके बाद सभी को उपचार के लिए हायर सेंटर ले जाया गया।
हसनपुर क्षेत्र के गांव में पटाखा जलाते समय हादसा हो गया। जिसमें पांच बच्चे झुलस गए। झुलसे बच्चों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसमें से दो बच्चों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। यह घटना हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरसा गुर्जर में सोमवार सुबह करीब 8:00 बजे हुई।
विज्ञापन
गांव में सोमपाल सिंह और देवराज सिंह दोनों भाइयों के परिवार रहते हैं। सोमपाल का 10 वर्षीय बेटा विवेक और 6 वर्षीय बेटी छबिया और देवराज का 9 वर्षीय बेटा गजेंद्र, 7 वर्षीय बेटा कोशिंदर और 6 वर्षीय बेटी कविता घर के बाहर पटाखे जला रहे थे। एक पटाखा मिस होने पर बच्चों ने उसे खोल लिया और उसकी बारूद को जलते हुए उपले पर डाल दिया।
जिसकी वजह से उपले में तेज आग लग गई। जिसकी चपेट में आकर पांचों बच्चे झुलस गए। चीख पुकार सुनकर मौके पर परिजन पहुंचे और बच्चों को आग से बचाया। एंबुलेंस की सहायता से झुलसे बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। यहां से विवेक और गजेंद्र को हायर सेंटर रेफर किया गया है।