मंडी धनौरा(अमरोहा)। गांव पालनपुर में मंगलवार की रात शरारती तत्वों ने गांव में लगी डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। बुधवार की सुबह क्षतिग्रस्त प्रतिमा को देखकर जाटव समाज के लोग आक्रोशित हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्राम प्रधान व समाज के लोगों के सहयोग से नई प्रतिमा स्थापित कराई।
पालनपुर गांव में जाटव समाज के लोगों ने आंबेडकर पार्क में बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित की थी। कुछ समय पहले ही प्रतिमा के ऊपर छत का निर्माण कराया गया था। मंगलवार की रात शरारती तत्वों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया।
बुधवार की सुबह प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी होने पर जाटव समाज के लोग एकत्र हो गए। जानकारी होने पर प्रभारी निरीक्षक बालेंद्र कुमार मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। इस दौरान भीम आर्मी के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। गांव के जिम्मेदार लोगों ने आपसी सहयोग से नई प्रतिमा लगवाने का फैसला किया। मुरादाबाद से नई प्रतिमा लाकर वहां लगवाई गई। प्रभारी निरीक्षक ने चेतावनी दी है कि किसी को भी माहौल खराब करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।