डिडौली। कोतवाली क्षेत्र के गांव कुआखेड़ा निवासी बीटेक छात्र अमन की गाजियाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
अमन परिवार का इकलौता बेटा था और उसके पिता धर्मेंद्र शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता शिक्षा देवी गृहिणी हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों के मुताबिक अमन चंडीगढ़ में रहकर बीटेक द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। वह बुधवार को घर से एक निजी कंपनी में इंटरव्यू देने की बात कहकर निकला था।
इसी दौरान वह गाजियाबाद के फ्लोरा एनक्लेव स्थित किराये के कमरे में रह रही अपनी परिचित युवती से मिलने पहुंचा।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे अमन का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। सूचना मिलने पर मसूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे अमन की अपने पिता धर्मेंद्र से फोन पर आखिरी बार बातचीत हुई थी।
पिता ने उससे नाश्ता करने के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह नाश्ता कर चुका है और इंटरव्यू देने जा रहा है। इसके कुछ समय बाद उसकी मौत की सूचना परिवार को मिली। मृतक के परिजनों ने युवती और उसके कुछ मित्रों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए। संवाद