भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष और सहकारी समिति भदौरा के सभापति कृष्ण कुमार शर्मा ने विभागीय अधिकारियों पर तिरंगे के नाम पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत की है। मुख्यमंत्री को संबोधित एक प्रार्थना पत्र एसडीएम को दिया है।
मंगलवार को शिकायती पत्र में कहा है कि वह 30 वर्ष पुराना राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का कार्यकर्ता है। साथ ही अन्य सामाजिक कार्यों से भी जुड़ा रहा है। कुछ समय पूर्व सहकारी समिति भदौरा का सभापति बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। परंतु सभापति बनने के बाद ज्ञात हुआ है कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण के नाम दो-दो हजार रुपये सभी सहकारी समितियों से उच्च अधिकारियों के द्वारा अवैध रूप से धन की वसूली की जा रही है। प्रार्थी एक कर्तव्य निष्ठ व ईमानदारी से कार्य करने वाला कार्यकर्ता है। लेकिन अपने ही विभाग में भ्रष्टाचार देखकर बहुत दुख हो है। कहा कि योगी सरकार जीरो टोलरेंस की नीति पर चल रही है। इसलिए इस प्रकरण की गंभीरता से जांच करा कर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। आरोप है कि बेसिक शिक्षा विभाग में भी स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में झंडे के नाम पर तीन सौ रुपये प्रति विद्यालय से वसूली की गई है। इसके अलावा भी अन्य विभागों में ऐसी ही शिकायतें प्राप्त हुई हैं। एसडीएम पुष्कर नाथ चौधरी का कहना है कि मामला जानकारी में नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो जांच कराई जाएगी।