सैदनगली थानाक्षेत्र के उझारी में तंत्र-मंत्र से एक 19 वर्षीय युवती के अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़िता के भाई ने सीओ को प्रार्थनापत्र देकर बहन को तलाशने और मामले की जांच की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
युवती के भाई का आरोप है कि 17 जून को मोहल्ले का ही एक युवक उसकी बहन का तंत्र क्रिया से अपहरण कर ले गया। पीड़िता के भाई का आरोप है कि आरोपी का पिता तंत्र-मंत्र करता है। उसकी बहन के अपहरण में आरोपी युवक के साथियों व उसके बहनोई ने भी मदद की। उन्होंने कहा कि अपहरण के बाद आरोपी पक्ष के लोगों ने उनके घर आकर उन्हें धमकाया और गोली मारने की धमकी दी।
घटना से पीड़ित परिवार ने उझारी पुलिस चौकी पर शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। युवती के भाई ने चेतावनी दी कि 28 जून तक उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह डीएम कार्यालय के सामने आमरण अनशन पर बैठ जाएगा। मामले में सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और युवती को सुरक्षित बरामद किया जा सके।