इसके बाद सभी वाहन हाईवे की दोनों लेन पर दौड़ने लगेंगे। वहीं, तीसरे सोमवार के लिए कांवड़ियों की भीड़ बढ़ते ही शुक्रवार या शनिवार रात फिर डायवर्जन प्लान लागू कर दिया जाएगा। इसके बाद ट्रक, कंटेनर, निजी बस, डीसीएम समेत सभी बड़े वाहन वैकल्पिक मार्गों से निकाले जाएंगे।
अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदोरिया ने बताया कि मंगलवार देर रात तक हरिद्वार और ब्रजघाट से गंगाजल लेकर कांवड़ियों के लौटने का सिलसिला जारी रहा। इसके चलते हाईवे वन वे चलता रहा। बुधवार को शिवरात्रि है, इसलिए अधिकांश कांवड़िये रात में ही जलाभिषेक स्थल पर पहुंच गए। लोगों की सहूलियत के लिए बुधवार के दोपहर 12 बजे से छोटे और दो बजे से बड़े वाहनों को हाईवे पर चलने दिया जाएगा।
दोनों ओर रुके वाहनों को व्यवस्थित तरीके से गुजारा जाएगा
हापुड़ और मुरादाबाद की दिशा में रुके बड़े वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकाल जाएगा जिससे हाईवे पर जाम न लगे। इसके बाद तीसरे सोमवार के लिए फिर कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने लगेगी। इसलिए कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए शुक्रवार या शनिवार की रात से फिर से रूट डायवर्जन प्लान को लागू कर दिया जाएगा। इसके बाद सभी बड़े वाहन वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे जबकि छोटे वाहन मुरादाबाद से दिल्ली लेन पर चलेंगे।
इसके बाद हर बार की तरह दिल्ली से मुरादाबाद लेन को कांवड़ियों के हवाले कर दिया जाएगा। तीसरे और चौथे सोमवार पर कांवड़ियों की भीड़ अधिक रहने की संभावना है। इसलिए जरूरत पड़ने पर हाईवे को शून्य भी किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में हाईवे की दोनों लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित कर दी जाएंगी। इसके बाद हाईवे पर बड़े और छोटे सभी प्रकार के वाहनों के संचालक पर पाबंदी रहेगी।