पलौला में मोहम्मद शमी की बहन-बहनोई समेत परिवार के आठ लोगों द्वारा मनरेगा मजदूरी लेने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था, कि प्रधान गुले आयशा (शमी की बहन की सास) द्वारा पात्र गृहस्थी राशन कार्ड द्वारा राशन लेने का मामला सामने आया था। गुले आयशा के राशन कार्ड में चार यूनिट दर्ज हैं। जिनका उनके द्वारा राशन लिया जाता रहा है।
मामले का खुलासा हुआ तो डीएम निधि गुप्ता ने डीएसओ से जानकारी लेते हुए मामले की जांच सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा को सौंप दी। सीडीओ ने मामले की जांच बीडीओ जोया को सौंप दी। बीडीओ जोया ने भी मामले की जांच को तीन सदस्यीय कमेटी बना दी है। जिसमें एडीओ पंचायत, एडीओ समाज कल्याण और बोरिंग टैक्निशियन शामिल हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही गांव में अन्य राशन कार्ड धारक भी जांच की जद में आ गए हैं। गांव में हर राशन कार्ड की जांच की जाएगी तथा अपात्रों के राशन कार्डों को निरस्त किया जाएगा।