अमरोहा। पश्चिमी बंगाल और केरल में अलकायदा के संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद अमरोहा में खुफिया तंत्र सक्रिय हो गया है। सूत्रों की माने तो मुरादाबाद मंडल के अमरोहा और बिजनौर सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर हैं। सुरक्षा एजेंसियां अलकायदा का नेटवर्क खंगलाने में लगी हैं। अल-कायदा के पाकिस्तान प्रायोजित मॉड्यूल का खुलासा होने के बाद एक बार फिर अमरोहा सुरर्खियों में है। दिनभर एनआईए की छापेमारी की चर्चा उतराती रही। इससे लोगों में हड़कंप मचा रहा। हालांकि स्थानीय पुलिस ने एनआईए की किसी भी कार्रवाई या अपडेट की जानकारी से इंकार किया है।
शनिवार को एनआईए ने केरल के एर्नाकुलम और पश्चिमी बंगाल के मुर्शिदाबाद में छापेमारी कर अलकायदा के नौ संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों का यह भी कहना है कि एनआईए की टीमों ने मुरादाबाद मंडल में दस्तक दे दी है। इसमें अमरोहा और बिजनौर जनपद सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर हैं।
मालूम रहे की 26 दिसंबर को राष्ट्रीय जांच एजेंसी और यूपी एटीएस की संयुक्त टीम ने छापामारी कर आईएसआईएस के नए मॉड्यूल हरकत-उल-हर्ब-ए-इस्लाम का पर्दाफाश किया था। इसमें मोहल्ला मुल्लाना निवासी मुफ्ती सुहैल को मॉड्यूल का सरगना होने का दावा किया था। जबकि इसके साथ मोहल्ला पचदरा निवासी इरशाद और सैदपुर इम्मा निवासी दो सगे भाई वेल्डर सईद और रईस को गिरफ्तार किया था। एनआईए ने इनके कब्जे से अवैध तमंचे, पिस्टल, टाइमर, लैपटॉप, मोबाइल, आईएसआईएस के झंडे और विस्फोटक सामग्री बरामद होने का भी दावा किया था। इसके बाद भी एनआईए ने कई बार छापेमारी की थी।