दिल्ली के जहांगीरपुरी में बवाल को लेकर अमरोहा में अलर्ट जारी किया गया। सभी थानाध्यक्षों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।
दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव पर शोभायात्रा निकालते समय दो पक्षों के बीच हंगामा हो गया। इस दौरान भारी पथराव भी किया गया। घटना में पुलिसकर्मियों समेत कई लोगों के घायल हो गए। बवाल के बाद अमरोहा के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी भी सतर्क हो गए। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्र प्रकाश शुक्ला ने सभी थानाध्यक्षों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों से अपने अपने क्षेत्र के मिश्रित आबादी वाले इलाकों में गश्त बढ़ाने के लिए कहा है। सीओ विजय कुमार राणा ने बताया कि दिल्ली के जहांगीरपुरी प्रकरण को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इस संबंध में सभी थानाध्यक्षों को दिशा निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए आपसे रात्रि गश्त भी बढ़ा दी गई है। सोशल मीडिया पर झूठी अफवाहों को लेकर नजर रखी जा रही है।