अमरोहा। प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद पीड़ित को फोन कर जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित की तहरीर और कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव गालिबबाड़ा का है। गांव निवासी शिवम एक्सप्रेसबेस कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। पीड़ित के अनुसार कंपनी प्रबंधन ने बाद में उनके स्थान पर अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव बुढ़ेरना निवासी मंजीत को नया मैनेजर नियुक्त कर दिया था। ज्वाइनिंग के दौरान आदेश दिखाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था, जो बाद में मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद शिवम ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर मंजीत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते बीती 22 मई को दोपहर 12:37 बजे मंजीत ने शिवम को फोन किया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने पूरी बातचीत को कॉल रिकॉर्डिंग में सुरक्षित कर लिया और साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंप दिया। धमकी मिलने के बाद शिवम घबरा गया और तुरंत नगर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी तथा अपनी जान को खतरा बताया। मामले में सीओ सिटी अभिषेक कुमार ने बताया कि यह विवाद दोनों पक्षों के बीच चल रहे मुकदमेबाजी से जुड़ा है। आरोपी मंजीत के खिलाफ धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।