अमरोहा। मकान का निर्माण कराने के बाद पिता-पुत्र ने ठेकेदार के 5.62 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया। रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ठेकेदार की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज किया है। अमरोहा नगर के आवास विकास द्वितीय में जितेंद्र सिंह का परिवार रहता है। उनके बेटे गौरव सिरोही एमएम डब्लपर एंड कप्रालि के नाम से कंपनी है। वह मकान निर्माण, नक्शे बनाना, नक्शा स्वीकृत कराना और मकानों की मरम्मत आदि का कार्य करते हैं। आरोप है कि 25 मई 2020 को मकान निर्माण के लिए एक एग्रीमेंट रजबपुर थानाक्षेत्र के गांव सरकड़ा कमाल निवासी जयविंदर सिंह से हुआ था, जिसके बाद मकान का निर्माण पूरा होने के बाद 28,57,886 रुपये का भुगतान बना, जिसमें से मकान मालिक जयविंदर सिंह ने 22 लाख 95 हजार रुपये का भुगतान कर दिया थ। 5 लाख 62 हजार 488 रुपये का भुगतान नहीं किया। पीड़ित ने कई बार रुपये मांगे लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
ठेकेदार गौरव सिरोही ने वकील के माध्यम से लीगल नोटिस भिजवाए। इसके बाद भी कोई जवाब नहीं दिया। रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि मामले में सीजेएम के आदेश पर जयविंदर सिंह और उसके बेटे भूपेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।