निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई। महिला को मेरठ में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत नाजुक बनी है। परिजनों ने अस्पताल संचालक पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सीएमओ से कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली के फूलपुर गढ़ी गांव निवासी संजू ने बताया कि उन्होंने पत्नी सविता को 17 जून की शाम प्रसव पीड़ा होने पर रहरा अड्डे स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद सविता को लगातार ब्लीडिंग की समस्या हुई।
अस्पताल के चिकित्सक ब्लीडिंग रोकने में असफल रहे। इस बीच उन्होंने सविता का अंदरूनी ऑपरेशन किया, जिससे उनकी स्थिति और खराब हो गई। लगातार ब्लीडिंग होने और पेशाब न आने की समस्या के कारण 19 जून की शाम उन्हें मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। जहां हालत गंभीर है। मामले की शिकायत सीएमओ से की गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक डा.ध्रुवेंद्र सिंह का कहना है कि मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई कराई जाएगी।