अमरोहा। मदरसों के आधुनिक शिक्षकों को शैक्षिक सत्र शुरू होने के तीन माह बाद ढाई माह का मानदेय मिलेगा। हालांकि इन शिक्षकों को केंद्रांश के लिए अभी इंतजार करना होगा। प्रदेश सरकार ने मानदेय के लिए कुल 42.04 लाख रुपये आवंटित कर दिए हैं। इसके तहत स्नातक डिग्रीधारी शिक्षकों को 4,920 रुपये और परास्नातक डिग्री वालों को 7,380 रुपये मिलेंगे। शिक्षकों को बिल के प्रारूप के साथ कार्यालय में उपस्थिति प्रमाण पत्र भी देना होगा।
केंद पुरोनिधानित मदरसा मकतब आधुनिकीकरण के तहत जिले के 172 मदरसे में आधुनिक विषयों के कुल 592 शिक्षक कार्यरत हैं। यह शिक्षक बच्चों को हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विषय पढ़ाते हैं। मदरसों में स्नातक की डिग्री वाले 67 शिक्षक और परास्नातक की डिग्री वाले 525 शिक्षक कार्यरत हैं। अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नरेश यादव ने बताया कि मदरसा शिक्षकों को ढाई महीने के लिए मानदेय का बजट मिला है। अप्रैल से 15 जून तक का मानदेय दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रबंधक या प्रधानाचार्य की ओर से मानदेय के लिए बिल के प्रारूप के साथ ही उपस्थिति प्रमाण पत्र जमा करना होगा। इसके बाद जल्द ही मानदेय दे दिया जाएगा।