अमरोहा। नेशनल हाईवे स्थित अतरासी में पकौड़ी खाने रुक अधिवक्ता की फॉर्च्यूनर कार को फिल्मी अंदाज में चोरी कर लिया गया। काफी तलाश करने के बाद भी कार का पता नहीं चला। कार में 20 हजार रुपये की नगदी और न्यायालय से जुड़े जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। अधिवक्ता की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
संभल जनपद के एचोड़ा कंबोह क्षेत्र के गांव भावलपुर बांसली निवासी आरिफ अली पेशे से अधिवक्ता हैं। वह अमरोहा न्यायालय में प्रैक्टिस करते हैं। शुक्रवार की शाम आरिफ किसी निजी काम से गांव अतरासी आए थे। उन्होंने अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी को अतरासी में पुल के नीचे खड़ा कर दिया और सात बजे काम निपटाने के बाद वह कुछ ही दूरी परएक दुकान पर पकौड़ी खाने चले गए। गाड़ी उनकी नजरों के सामने ही खड़ी थी। थोड़ी देर बाद जब आरिफ अली मौके पर पहुंचे तो गाड़ी गायब देख उनके होश उड़ गए। काफी तलाश किया लेकिन कुछ पता नहीं चला। जहां से गाड़ी चौरी हुई उसके चंद कदम पर अतरासी पुलिस चौकी है। अधिवक्ता की गाड़ी चोरी होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिवक्ता आरिफ अली के मुताबिक गाड़ी में 20 हजार रुपये की नकदी के अलावा कोट व अन्य अदालती दस्तावेज व फाइलें रखी हुई थीं। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही हैं।