अमरोहा। साइबर अपराधियों ने व्हाट्स कॉल कर अधिवक्ता को झांसे में लेकर 26 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी व आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जनपद के एक अधिवक्ता अमरोहा कचहरी में प्रैक्टिस करते हैं। अमरोहा साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट के मुताबिक अधिवक्ता स्टारमेकर एप पर गाने अपलोड करके मनोरंजन कर लेते हैं और ट्विटर व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डाल देते हैं। आरोप है कि 12 मई को उनके पास अन्जान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई और फोन करने वाले व्यक्ति ने लुभावनी बातें करते हुए झांसे में ले लिया। इसके बाद 12 मई 2025 से 3 नवंबर तक उनके खाते से 26 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए।
आखिरी बार एक लाख रुपये भेजने पर अधिवक्ता के सॉफ्टवेयर इंजीनियर बेटे ने साइबर ठगी के बारे में बताया। यह सुनकर अधिवक्ता के होश उड़ गए। बेटे के मना करने पर उन्होंने फिर किसी खाते में कोई पैसा नहीं भेजा। पीड़ित अधिवक्ता ने मामले की शिकायत अमरोहा नगर साइबर क्राइम थाने में की। सीओ शक्ति सिंह ने बताया मामले में धोखाधड़ी व आईटी एक्ट के तहत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।