हसनपुर में महापंचायत रोके जाने के बाद इंस्पेक्टर से नोकझोंक करते संगठन मंत्री सुकर्मपाल राणा। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
क्षेत्र के गांव सकतपुर में नए स्थान पर सामूहिक नमाज के विरोध में किसान संघ द्वारा किए गए महापंचायत के ऐलान की सूचना मिलते ही गुरुवार देररात पुलिस ने गांव पहुंचकर महापंचायत को रोक लगा दी थी।
महापंचायत के आयोजकों ने तय किया था कि सकतपुर के बजाय महापंचायत हसनपुर मंडी समिति में आयोजित की जाएगी। लेकिन यहां भी प्रशासन ने धारा 144 लागू होने का हवाला देते हुए महापंचायत को रोक दिया। इस दौरान आयोजकों की पुलिस कर्मियों से नोकझोंक हुई। बाद में एसडीएम व सीओ के समझाने पर आयोजक शांत हुए।
शुक्रवार दोपहर एक बजे जैसे ही मंडी समिति में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने महापंचायत शुरू करने के लिए पाल बिछाया। इस दौरान वहां पहले से तैैनात पुलिस कर्मियों ने आयोजकों को रोक लिया। धारा 144 लागू होने व महापंचायत की परमिशन न होने का हवाला देते हुए महापंचायत के आयोजन से साफ इंकार कर दिया।
इस दौरान महापंचायत के आयोजकों की पुलिस कर्मियों से तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद मंडी समिति से नाराज आयोजक एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां एसडीएम गंभीर सिंह व सीओ अविनाश कुमार गौतम, कोतवाली निरीक्षक संतोष कुमार सिंह से वार्ता की गई।
अफसरों ने धारा 144 लागू होने का हवाला देते हुए महापंचायत के आयोजन न करने को कहा। करीब बीस मिनट तक चली अफसरों के साथ नोकझोंक के बाद आयोजक शांत हुए।